फिर भी वे दोनों एक साथ हैं !!!

वे लड़ते हैं, झगड़ते हैं, एक दूसरे पर इल्जाम लगाते हैं और कहते हैं कि अब हम कभी बात नही करेंगे | और एक हफ्ते तक सच में दोनों बात नहीं करते हैं लेकिन आठवें दिन, आधी रात को वह खुद को रोक नही पाती और उसे मैसेज कर देती है “क्या हुआ ? क्या सच में मुझसे बात नहीं करना चाहते” | वह जवाब में कहता है “सो जाओ, रात बहुत हो गयी है” | बस फिर क्या ? एक बार फिर दोनों के बीच महाभारत शुरू हो जाती है | दोनों फिर से लड़ते हैं, झगड़ते हैं, एक दूसरे पर इल्जाम लगाते हैं और लड़ते लड़ते सो जाते हैं |

वह जब बीमार हो जाती है तो उसकी सेवा में वह अपने दिन रात एक कर देता है | दोनों एक दूसरे को बड़े ही प्यार से मिलते हैं, बातें करते हैं | लेकिन ठीक होने पर वह उसे थैंक्स भी नही बोलती | बस दोनों सामान्य बातें करते हैं, एक दूसरे से हंसी मजाक करते हैं और फिर ना लड़ने का वादा करते हैं | लेकिन इस रिश्ते में यह वादा हर बार टूट जाता है | एक दिन वह कहता है कि वह उससे ज्यादा बात नहीं करती | बस फिर क्या ? फिर से दोनों लड़ते हैं, झगड़ते हैं, एक दूसरे पर इल्जाम लगाते हैं और कहते हैं कि अब हम कभी बात नही करेंगे |  

यह कैसा रिश्ता है जहाँ झगड़ते हुए भी दोनों एक दूसरे को छोड़ना नही चाहते ? क्या यह प्यार है ? क्या यह दोस्ती है ? क्या दोनों दुश्मन हैं ? खैर, इस रिश्ते का कोई नाम हो या ना हो लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि वह दोनों आज भी एक दूसरे के साथ हैं | शायद वह जानते हैं कि इस गुमनाम रिश्ते के बिना वह दोनों ही अधूरे हैं |   

No comments:

Post a Comment